उज्जैन, 1 अक्टूबर। जिला चिकित्सालय उज्जैन की सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) ने नवजात शिशुओं के उपचार एवं देखभाल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
राज्य स्तर पर जारी आंकड़ों के अनुसार डिस्चार्ज रेट में जिला चिकित्सालय उज्जैन राज्य की टॉप-10 इकाइयों में शामिल हो गया है।सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. संगीता पलसनिया ने बताया कि एसएनसीयू में कुल 751 नवजात शिशुओं का उपचार किया गया, जिनमें से 86.3 प्रतिशत नवजातों को पूर्णतः स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।
यह परिणाम समय पर उपचार, सतत निगरानी, प्रोटोकॉल आधारित देखभाल तथा चिकित्सकीय एवं नर्सिंग टीम के समन्वित प्रयासों का प्रतिफल है।इस उपलब्धि से स्पष्ट होता है कि जिला चिकित्सालय उज्जैन नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
प्रशासन का प्रयास है कि भविष्य में भी एसएनसीयू की सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नवजातों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके और स्वस्थ जीवन की शुरुआत सुनिश्चित हो।