उज्जैन, 1 अक्टूबर। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में निवेशकों और उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, उज्जैन द्वारा परिक्षेत्रीय स्तर पर निवेशक संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम दिनांक 6 अक्टूबर को कालिदास अकादमी, उज्जैन में प्रातः 11:00 बजे से आयोजित होगा।कार्यक्रम का उद्देश्य उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं से संभावित निवेशकों को अवगत कराना, प्रदेश की औद्योगिक एवं निवेश-अनुकूल नीतियों की जानकारी प्रदान करना तथा निवेशकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें निवेश के लिए प्रोत्साहित करना है।कार्यक्रम के दौरान निवेशकों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा उद्योग एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न नीतियों, सुविधाओं और प्रोत्साहन प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
निवेशकों की जिज्ञासाओं और सुझावों पर संबंधित अधिकारी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन देंगे। साथ ही विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत उद्यमियों को हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा।कार्यक्रम में क्षेत्र के उद्यमियों, संभावित निवेशकों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की सहभागिता अपेक्षित है।
विभाग ने सभी संबंधित निवेशकों एवं उद्यमियों से आग्रह किया है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करें और संवाद में सक्रिय रूप से भाग लें।