उज्जैन 30 सितंबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को उज्जैन के नरवर पहुंची। यात्रा के अंतर्गत विभिन्न जन सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर यात्रा प्रभारी श्री सुभाष यादव, विधायक घट्टिया श्री सतीश मालवीय (ग्रामीण), अध्यक्ष श्री राजेश धाकड़ तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि से कर्मभूमि तक यह यात्रा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निकाली जा रही है। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री सतीश मालवीय ने सभी का स्वागत किया।
अध्यक्ष श्री राजेश धाकड़ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की इस यात्रा में उत्तराखंड, झारखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात सहित चार प्रदेशों के लोग शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में स्वच्छता को हम सभी ने अपनाया है तथा नशा मुक्त भारत अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। भारत के विकास का एक बड़ा संकल्प हम सभी ने लिया है। प्रधानमंत्री द्वारा सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है।
उन्होंने आगे कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के दौरान कमजोर एवं गरीब वर्ग के लोगों की सेवा की जा रही है तथा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। आम जनता का प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति अटूट विश्वास है। इसी विश्वास को आगे बढ़ाते हुए सभी मिलकर कार्य कर रहे हैं।
श्री धाकड़ ने कहा कि हमारी सेवा संकल्प यात्रा का संकल्प है कि सबका साथ, सबका विकास हो सके। अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए सभी मिलकर कार्य कर रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गरीब वर्ग के लोगों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है।
इसके पश्चात सेवा संकल्प यात्रा के यात्रियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए गए तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया गया। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया नरवर के पश्चात यात्रा चिंतामन जवासिया के लिए रवाना हुई।
