उज्जैन, 30 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संचालित संकल्प सेवा यात्रा का बुधवार को उज्जैन आगमन हुआ। यात्रा के सदस्यों ने शहर के प्राचीन एवं पावन चिंतामन गणेश मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। मंदिर परिसर, आसपास के मार्ग तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर उन्होंने आस्था के साथ स्वच्छता का व्यावहारिक संदेश दिया।इस दौरान यात्रा के सदस्यों ने उपस्थित श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और जनसमुदाय से सीधा संवाद किया।

उन्होंने बताया कि तीर्थ स्थलों की पवित्रता तभी पूर्ण होती है, जब परिसर स्वच्छ हो। स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों का कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक कर्तव्य है। मंदिर जैसे पावन स्थान पर की गई साफ-सफाई से यह संदेश और अधिक प्रभावी बना कि भक्ति और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं।कार्यक्रम के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक शपथ ली।

शपथ में कहा गया कि वे अपने घर, मोहल्ले, आसपास के परिसर तथा सार्वजनिक स्थलों को सदैव स्वच्छ रखेंगे। कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालेंगे और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। इस संकल्प से कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप मिला।सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में सेवा, स्वच्छता और जनजागरूकता की गतिविधियां चल रही हैं। संकल्प सेवा यात्रा का उज्जैन आगमन इसी श्रृंखला की कड़ी है।

चिंतामन गणेश मंदिर परिसर में चलाया गया यह अभियान तीर्थनगरी में आस्था, सेवा और स्वच्छता के समन्वय का सशक्त उदाहरण बना।