उज्जैन, 29 सितम्बर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल, जिला उज्जैन द्वारा बताया गया है कि प्रत्येक वर्ष 01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया जाता है। वृद्धजनों के स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा एवं बेहतर जीवन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “दीर्घायु का युगः लम्बे जीवन के लिए व्यवस्थाओं का पुनर्विचार” निर्धारित की गई है।

थीम के अनुरूप जिला चिकित्सालय उज्जैन मे वृद्धजन नि: शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि शिविर में वृद्धजनों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच, आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की स्क्रीनिंग की जाएगी। आवश्यकता होने पर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार एवं विशेषज्ञ सेवाओं के लिए रेफर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था में नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय पर उपचार अत्यंत महत्वपूर्ण है। परिवार के सदस्यों से भी अपील की गई है कि वे अपने बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर लेकर जाएं।