उज्जैन 27 सितम्बर। उज्जैन अब्दालपुरा के मूल निवासी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज अपने पैतृक मकान में गेंती चलाकर सिंहस्थ 2028 के लिए शहर में चल रहे चौड़ीकरण अभियान में एक मिसाल कायम की है। अब्दालपुरा का मकान नंबर 180 एक तरह से उज्जैन के विकास और उज्जैन शहर के सौंदर्य करण के लिए किए जाने कार्यों की एक बड़ी मिसाल बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री आज सुबह 10:00 बजे यहां पहुंचे और विधिवत पूजन करके चौड़ीकरण की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने गेंती लेकर खुद के मकान पर गेंती चलाई और मकान तोड़ने की शुरुआत की।
हिंदू मुस्लिम एकता का प्रतीक बना अब्दालपुरा
उज्जैन शहर की बहुत पुरानी बस्ती है अब्दालपुरा यहां पर एक तरफ खजूर वाली मस्जिद है और दूसरे छोर पर जीवाजीगंज थाना है। इसके बीच के 272 मकान में अधिकांश मकान हिंदू, मुसलमान और बोहरा समुदाय के है।यहॉं चौड़ीकरण में प्रत्येक वर्ग के लोग खुशी-खुशी इस अभियान में स्वयं अपने मकान तोड़ने के लिए तैयार नजर आ रहे है।
उज्जैन शहर में हो रहे अनेक मार्गों के चौड़ीकरण में यह मार्ग शहर वासियों का मार्गदर्शन करेगा। यहां के कादर भाई कहते हैं कि चौड़ीकरण से उनकी वर्षों की इच्छा पूरी होने जा रही है। इस सड़क से वाहन निकलना मुश्किल था। अब आवागमन आसान होगा।वे कहते है इस इलाके में सभी मकानों की चौड़ाई चाहे कम - ज्यादा हो लेकिन दिल की गहराई काफी है।
इस मार्ग के दोनों तरफ रहने वाले रहवासी सड़क चौड़ीकरण के लिए सहर्ष जगह देने को तैयार हैं,किसी को कोई आपत्ति नहीं है।हर व्यक्ति इस काम में अपनी सहभागिता कर रहा है। मुख्यमंत्री के ठीक पास के मकान में रहने वाले श्री पवन पांचाल कहते हैं कि एक तरह से इस क्षेत्र के लिए मानो यह चौड़ीकरण वरदान साबित होगा।
सड़क चौड़ी होने के बाद यहां बनने वाली दुकान और मकानों की वैल्यू बढ़ जाएगी और व्यापार व्यवसाय भी बढ़ेगा,आवागमन तो सुगम होगा ही। सड़क के दूसरी तरफ मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की बहन एवं नगर निगम सभापति श्रीमती कलवाती यादव का घर है और वह भी चौड़ीकरण की जद में आ रहा है।
इसी लाइन में दूध की दुकान चला रहे श्री नरेंद्र जैन कहते हैं कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार का मकान टूटने से शहर में यह सन्देश गया है कि यहां कोई खास नहीं है। खास और आम सब बराबर है, सिंहस्थ कार्यों के लिए सभी सहभागी बन रहे हैं। सभी के मकान एक लाइन से और समान लंबाई में टूट रहे हैं।
इसी गली में रहने वाले पूर्व पार्षद श्री जगदीश पांचाल कहते हैं कि मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव विकसित उज्जैन का सपना साकार कर रहे हैं। इससे न केवल उज्जैन की तस्वीर बदलेगी बल्कि सिंहस्थ में आने वाले करोड़ों लोगों के आवागमन और उनके अच्छे प्रवास की सुविधाएं विकसित होगी।
इस अवसर पर, संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, ए डी जी श्री राकेश गुप्ता, डी आई जी श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, श्री संजय अग्रवाल, श्री जगदीश पांचाल, श्री नीलेश यादव, श्री राकेश पंड्या, श्री विवेक गुप्ता, सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
