सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘नमो सेवा—सांस्कृतिक संध्या’ का आयोजन 5 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे पूजा पार्क, सीधी में किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम ‘हमारी संस्कृति, हमारी पहचान—कला के संग, समाज के संग’ रखी गई है।
सांस्कृतिक संध्या में जिले की लोक एवं पारंपरिक कला, संगीत, नृत्य तथा रंगमंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से सीधी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में मां सुमन एजुकेशन सोसायटी, मोहनिया; इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी; अमृत लोक कला दल, चुरहट तथा एक्सट्रीम आर्ट एंड एजुकेशनल सोसायटी, सीधी द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
‘कला से समाज को जोड़ें, संकल्प से भविष्य को...’ की भावना के साथ आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में लोकनृत्य, लोकसंगीत, नाट्य एवं अन्य कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं को मंच मिलेगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से सांस्कृतिक संध्या में सहभागिता कर स्थानीय कला एवं कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।