मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, पांढुर्णा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ( AI) एवं फिनटेक ( FinTech) जैसे आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर ( FITT) द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शहनाज खान के मार्गदर्शन एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 08 सितंबर 2026 को आयोजित बहुविकल्पीय लिखित प्रवेश परीक्षा में स्नातक ( UG) द्वितीय एवं तृतीय वर्ष तथा स्नातकोत्तर ( PG) प्रथम एवं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस परीक्षा के लिए महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के कुल 45 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 29 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।

परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं फिनटेक के क्षेत्र में ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। परीक्षा परिणाम 14 सितंबर 2026 तक घोषित किया जाना प्रस्तावित है। चयनित विद्यार्थियों का पंजीयन पूर्ण होने के पश्चात 21 सितंबर 2026 से ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्र में आधुनिक कौशल विकसित करने, नवाचार को समझने तथा भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

प्रवेश परीक्षा के सुचारू संचालन में प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी प्रो. पवन कुमार कोडापे, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. विवेक कुमार सोनवाने एवं डॉ. किशोर पराड़कर सहित कु. आँचल चटप, कु. पूजाश्री बावनकर, श्री राधेश्याम बुवाड़े, श्री शनि गायकवाड तथा महाविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।